जमशेदपुर : जमशेदपुर के होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर नया मोड़ आ गया है. भाजपा ने अपने नेता अविनाश सिंह राजा और उनकी पत्नी ज्योति सिंह को चुनाव नहीं लड़ने के लिए राजी करा लिया है. अविनाश सिंह राजा ने इसको लेकर अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर संदेश जारी करते हुए बताया कि मंगलवार को उनके कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित जिले के सभी पदाधिकारीगणों का आगमन हुआ. सभी अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र देकर किया गया. साथ ही दूरभाष पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू तथा संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह से भी सार्थक संवाद हुआ. इस दौरान मेयर, मानगो के नामांकन को लेकर चर्चा हुई, जिसमें नामांकन दाख़िल न करते हुए भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण समर्थन देने पर सहमति बनी. (नीचे भी पढे़ं)
भारतीय जनता पार्टी के प्रति अपनी आस्था और विश्वास प्रकट करते हुए उन्होंने पार्टी को अपना समर्थन प्रदान किया और चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी है. भाजपा ने मानगो नगर निगम के चुनाव को लेकर अपना समर्थित उम्मीदवार के तौर पर भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह को उम्मीदवार बनाया है. उनको घोषित करने के बाद अब भाजपा ने एक बड़ी सफलता हासिल की है, जिसमें अविनाश सिंह राजा और उनकी पत्नी को चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा करायी है. आपको बता दें कि ज्योति सिंह धनबाद के सिंह मेंशन की बेटी है और उनके चुनाव लड़ने की सूचना पाकर उनके भाई पूर्व विधायक संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह समेत अन्य लोग भी प्रचार में आ गये थे. लेकिन अब चूंकि, भाजपा ने नीरज सिंह की पत्नी को उम्मीदवार बना दिया है, इस कारण भाजपा नेताओं ने यह कोशिश की, जिसमें सफलता मिली. इसके साथ ही नीरज सिंह को भी सफलता मिलती दिख रही है.








