जमशेदपुर: जनहित संरक्षण ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा 19 अगस्त 2026 को दलमा पहाड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर का भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण किया गया. इस दौरान मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को हो रही कठिनाइयों तथा उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया गया. निरीक्षण में ट्रस्ट के सचिव संदीप सिंह, कोषाध्यक्ष पीपी भगत, सदस्य नलिनी सिन्हा, सदस्य निधि कुमारी तथा बिरेंद्र प्रसाद एवं मनिंदर सिंह उपस्थित रहे.निरीक्षण के दौरान ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने मंदिर परिसर एवं उसके आसपास की स्थिति को करीब से देखा तथा श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली. श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने, दर्शन-पूजन के दौरान होने वाली असुविधाओं तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को समझने का प्रयास किया गया.(नीचे भी पढ़े)
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि दलमा पहाड़ स्थित शिव मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हजारों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का महत्वपूर्ण केंद्र है. ऐसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर आने वाले भक्तों को सुरक्षित, सुगम एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है.निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं के स्थायी एवं व्यावहारिक समाधान के लिए आवश्यक पहल करने पर विचार-विमर्श किया गया. ट्रस्ट की ओर से यह प्रयास किया जाएगा कि श्रद्धालुओं की वास्तविक समस्याओं को संबंधित प्रशासन एवं विभागों के समक्ष उचित तरीके से रखा जाए, ताकि उनके निराकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई हो सके.जनहित संरक्षण ट्रस्ट ने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों को केवल चिन्हित करना ही नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर निरंतर प्रयास करना ट्रस्ट की प्राथमिकता है. दलमा पहाड़ स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं समस्याओं के समाधान के लिए भी ट्रस्ट अपनी ओर से हरसंभव सहयोग एवं पहल करेगा.




