जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर कमिटी की ओर से इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा. मंदिर कमिटी की ओर से आगामी 2, 3 और 4 सितंबर को तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित करने की तैयारी की जा रही है. महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल है. महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. खास तौर पर बच्चों के लिए बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी. प्रतियोगिता में छोटे बच्चे राधा और कृष्ण के रूप में सजकर हिस्सा लेंगे. इसके माध्यम से बच्चों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की व्यवस्था की गई है. विजेता बच्चों को पुरस्कार के साथ-साथ नगद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा. प्रतियोगिता को लेकर बच्चों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. मंदिर कमिटी के सदस्यों ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को धार्मिक आस्था और उल्लास के साथ मनाया जाएगा. मंदिर परिसर को आकर्षक तरीके से सजाने के साथ श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी. तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. (नीचे भी पढ़ें)
कमिटी की ओर से जानकारी दी गई कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा दास साहू सहित कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के भी कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही गई है. अतिथियों की मौजूदगी में विभिन्न कार्यक्रमों के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा. मंदिर कमिटी ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है. कमिटी का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश देगा.








