जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब जदयू समर्थकों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. घटना के बाद इमरजेंसी वार्ड में मरीजों और उनके परिजनों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. हालात इतने बिगड़ गए कि इमरजेंसी में कुछ देर के लिए इलाज की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई. मामला विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह के बेटे अभिजीत सिंह और अंबिका पांडेय के भतीजे देव पांडेय के बीच हुए विवाद से जुड़ा है. आरोप है कि अभिजीत सिंह ने देव पांडेय के साथ मारपीट की, जिसमें देव गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर 15 टांके लगाए. वहीं, इस मारपीट में अभिजीत सिंह को भी चोटें आने की बात सामने आई है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे. इसके बाद अस्पताल परिसर में माहौल और तनावपूर्ण हो गया. समर्थकों ने इमरजेंसी वार्ड के पास हंगामा शुरू कर दिया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई. इसी दौरान हाथापाई की स्थिति भी उत्पन्न हो गई. हंगामे के दौरान घटना का वीडियो बना रहे एक पत्रकार के साथ भी धक्का-मुक्की की गई. आरोप है कि पत्रकार का मोबाइल फोन जबरन छीन लिया गया, जिससे मीडिया कर्मियों में भी नाराजगी देखी गई. घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है.








