जमशेदपुर: जनता दल (यूनाइटेड) उलीडीह थाना अध्यक्ष प्रवीण सिंह की अगुवाई में थाना समिति के पदाधिकारी आदर्श नगर क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे. इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और सड़कों की बदहाल स्थिति से संबंधित समस्याएं उनके समक्ष रखीं. लोगों ने बताया कि बड़े नाले की सफाई तो कभी-कभार हो जाती है, लेकिन छोटे नालों और गली-मोहल्लों की सफाई नियमित रूप से नहीं होती. इस कारण गंदगी फैलती है और बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है.(नीचे भी पढ़े)

लोगों ने यह भी शिकायत की कि कई जगह सड़कें टूट चुकी हैं, जगह-जगह गड्ढे उभर आए हैं. नालियों का निर्माण अधूरा पड़ा है. वहीं, बिजली के तार बहुत नीचे झुके हुए हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है.इस दौरे में प्रमुख रूप से विकास साहनी, मनोज गुप्ता, संजय कुमार सिंह, मनोज ओझा, सागर दत्ता, योगेन्द्र कुमार साहू और परमिन्द्र राम शामिल थे.




