जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के शिवघाट रोड स्थित 1.83 एकड़ सरकारी जमीन पर दोबारा अतिक्रमण कर चहारदीवारी निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है. जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने इस पर गंभीर चिंता जताते हुए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से तत्काल हस्तक्षेप करने और निर्माण कार्य बंद कराने की मांग की है. उन्होंने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भी आग्रह किया है. इस संबंध में अध्यक्ष ने 15 अक्टूबर को उपायुक्त को स्मार पत्र भेजा है. पत्र में कहा गया है उक्त सरकारी जमीन को पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराया गया था. इसके बावजूद कथित तौर पर दोबारा जमीन पर कब्जा कर चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है. साथ ही जमीन को समतल करने और मिट्टी भरने का काम भी किए जाने की बात कही गई है. (नीचे भी पढ़ें)
नौशीन खान ने पत्र में उल्लेख किया है जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट के निष्पादन के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं है. इसके बावजूद शिवघाट रोड की उक्त जमीन पर दोबारा अतिक्रमण किए जाने से नगर परिषद् के सामने कचरा निष्पादन की समस्या और गंभीर हो सकती है. अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायाततुल्ला खान ने कहा कि अतिक्रमित जमीन के लिए कई बार लिखित शिकायत की गई. सरकारी जमीन रहते हुए शिवघाट रोड पर कचरा डंप किया जा रहा है. इससे सड़क पर गंदगी फैल रही है. प्रदूषण से आने जाने वाले लोग बीमार पड़ने की आशंका उत्पन्न हो रही है. सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उनके अनुसार नौशीन खान द्वारा 25 सितंबर को भी जिला प्रशासन को पत्र के माध्यम से अवगत काराया गया है, इसके बावजूद जमीन पर फिर से निर्माण कार्य जारी है. जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने उपायुक्त से मामले की जांच, चहारदीवारी निर्माण पर तत्काल रोक और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है. पत्र की प्रतिलिपि धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी, जमशेदपुर अंचलाधिकारी और जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को भी भेजी गई है.





