जमशेदपुर : जमशेदपुर में जिला प्रशासन द्वारा प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव का आयोजन 09 से 11 जनवरी 2026 तक जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में किया जा रहा है. साहित्य उत्सव की तैयारी, सहभागिता एवं अन्य विषयों को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम अर्नव मिश्रा ने समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता को संबोधित कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. उन्होने बताया कि यह उत्सव साहित्य, कला, संस्कृति और जनजातीय विरासत के संरक्षण व प्रसार की दिशा में एक पहल है. तीन दिवसीय आयोजन में जिला, राज्य और देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि, लेखक, इतिहासकार, विचारक एवं सांस्कृतिक कर्मी भाग लेंगे. (नीचे भी पढ़े)

अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम का जिले के सभी साहित्यप्रेमियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं सभी नागरिकों से अपील है कि इस साहित्य उत्सव में सहभागिता कर इसे सफल बनाएं. साहित्य उत्सव में जिन प्रमुख साहित्यकारों एवं बुद्धिजीवियों की सहभागिता होगी, उनमें पद्मश्री डॉ. जानुम सिंह सोय, पद्मश्री श्री हलधर नाग, पद्मश्री डॉ. पुष्पेश पंत, डॉ. नारायण उरांव, डॉ. अनुज लुगुन, डॉ. पार्वती तिर्की, डॉ. अशोक कुमार सेन, डॉ. प्रज्ञा शर्मा, डॉ. हिमांशु बाजपेयी, डॉ. सुरिंदर सिंह जोधका, डॉ. नेहा तिवारी, श्री जेरी पिंटो, श्री नीलोत्पल मृणाल, श्री चंद्रहास चौधरी, श्री महादेव टोप्पो, श्री संजय कच्छप, श्री निरंजन कुजूर, श्री रणेन्द्र कुमार, श्री रजा काजमी, श्री बिक्रम ग्रेवाल, श्री अक्षय बहिबाला, श्री राहुल पंडिता, श्री सौरव रॉय, श्री प्रेमचंद उरांव, श्री रविंद्रनाथ मुर्मू, श्री यदुंवश प्रणय, श्रीमति अनुकृति उपाध्याय, श्रीमति जोबा मुर्मू, श्रीमति शताब्दी मिश्रा सहित अनेक साहित्यकार शामिल हैं. सांस्कृतिक एवं कला गतिविधियाँ, साहित्यिक सत्रों के साथ-साथ दर्शकों के लिए लाइव ग्लिटर आर्ट, लाइव पेंटिंग, लाइव पॉटरी, लाइव बैंड परफॉर्मेंस, जनजातीय नृत्य द्वारा पारंपरिक स्वागत, नाट्य प्रस्तुति ‘लोहे का आदमी और लोहारिन’, स्थानीय छऊ नृत्य, जनजातीय खेलों की प्रस्तुति एवं पुस्तक/कहानी स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे.















