जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में हुई लूट की एक बड़ी घटना को महज सात दिनों के अंदर सुलझाते हुए पुलिस ने जमशेदपुर के दो सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया गया कि आरोपियों द्वारा फोन पे के जरिये किया गया एक डिजिटल भुगतान उनकी पहचान करा गया, जिसके आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफल हुई. (नीचे भी पढ़ें)
यह घटना विगत 6 जनवरी की है. सुब्रत सिंह नामक व्यक्ति जामबनी से चुटिया इलाके की ओर ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) के लिए 2.75 लाख रुपये लेकर जा रहे थे. घोंघा जंगल मार्ग पर झारखंड से आए तीन बदमाशों ने अपाचे मोटरसाइकिल से उनका रास्ता रोका एवं बंदूक के कुंदे से सिर पर वार कर उनके पास से रुपये लूटकर फरार हो गए. पुलिस के अनुसार, जामबनी थाना क्षेत्र के मुराकाटी निवासी शंभू पाल ने आरोपियों को जंगल के रास्ते चांदरी होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 6 तक पहुंचने में मदद की, जहां से वे झारखंड की ओर भाग निकले. (नीचे भी पढ़ें)
लूट के बाद आरोपी झारखंड के बरसोल थाना क्षेत्र में एक ढाबे पर रुके. वहीं उन्होंने पहली बार अपने मोबाइल फोन चालू किए और भोजन का भुगतान फोनपे के जरिए किया. यही डिजिटल लेनदेन पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बन गया. जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड शुभजीत सरकार है, जो विज्ञान स्नातक और बैंक लोन एजेंट है. शंभू पाल ने कथित तौर पर पीड़ित की पहचान कराई थी. वहीं झारखंड के जादूगोड़ा और बर्मामाइंस इलाके के सुनील कैवर्त, मोहन किस्कू और रोहित कुमार शर्मा लूट की वारदात में सीधे तौर पर शामिल थे. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने मामले की पड़ताल के क्रम में झारखंड की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब 30 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद रविवार देर रात झाड़ग्राम, जामबनी और झारखंड में एक साथ छापामारी कर सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूरे अभियान की निगरानी झाड़ग्राम के एसडीपीओ एस बिस्वास और जामबनी थाना प्रभारी ने की. गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया. पुलिस ने हथियारों की बरामदगी एवं पूरे मामले की विस्तृत जानकारी इकट्ठा करने के लिए पकड़ाये आरोपियों का सात दिन का रिमांड मांगा है.















