
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो पुल पर एक ऑटो और बाइक के बीच आमने सामने टक्कर हो गई. घटना में बाइक चालक और एक महिला घायल हो गए वहीं ऑटो चालक को भी चोट आई है. इधर घटना की सूचना पाकर पास ही मौजूद ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. मिली जानकारी के अनुसार बाइक चालक और महिला मानगो के दाईगुट्टू के रहने वाले है. दोनो बाइक पर सवार होकर छोटे पुल से गलत दिशा से होते हुए साकची की ओर जा रहे थे जबकि ऑटो साकची से मानगो की ओर जा रही थी. पुल पर दोनो आपस में टकरा गए. घटना में बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई है. पुलिस ने बाइक और ऑटो को जब्त कर लिया है. फिलहाल सभी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है.













