जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के डिमना रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में सड़क किनारे पेड़ से लटका बिजली का तार लोगों के लिए खतरा बना हुआ है. यह तार सिटी ब्रॉयलर से वेलफेयर टावर्स ऑफिस के बीच लटका है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग से खड़ियाबस्ती और बालीगुमा क्षेत्र के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं. पिछले कई दिनों से बिजली का तार इसी स्थिति में लटका हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

हालांकि अब तक कोई दुर्घटना नहीं हुई है, लेकिन राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है. मामले की जानकारी मिलने पर मानवाधिकार संघ के प्रमुख दिनेश कुमार किनू ने बिजली विभाग, उलीडीह थाना और वन विभाग के अधिकारियों को फोन कर शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर लटके हुए बिजली के तार की मरम्मत कराने और संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की है.




