जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो पुलिस ने मानगो बाजार स्थित एक आभूषण दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए खरीददार समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के सोने की चेन सहित अन्य आभूषण बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में उलीडीह आदिवासी क्लब के पास निवासी अनिश सुंडी, मानगो जवाहरनगर रोड नंबर-13 निवासी समीर खान उर्फ बिल्की (खरीददार), मानगो दाईगुटु निवासी बिस्बल सोरेन, जवाहरनगर निवासी खुर्शीद खान, शनि सिंह सरदार उर्फ बच्चा तथा मानगो निवासी सूरज कुमार उर्फ प्रेम कुमार शामिल हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)

जानकारी के अनुसार, मानगो बाजार स्थित कोलकाता आभूषण दुकान में चोरी की घटना हुई थी. दुकान मालिक जितेंद्र कुमार के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. चोरों ने दुकान की टीन की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और सोने के आभूषणों की चोरी कर ली थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने चोरी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है.







