जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में सोमवार को सेंट्रल एसी सिस्टम अचानक खराब हो जाने से भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. भीषण गर्मी के बीच वार्डों और इमरजेंसी में उमस बढ़ जाने से मरीज बेहाल दिखे. कई मरीजों के परिजन हाथ वाला पंखा लेकर किसी तरह राहत पहुंचाने की कोशिश करते नजर आए. परिजनों ने बताया कि अस्पताल की इमरजेंसी पहले से ही मरीजों से भरी हुई है. बेड की कमी के कारण कई मरीजों का इलाज स्ट्रेचर पर लिटाकर किया जा रहा है. ऐसे में एसी बंद होने से हालात और अधिक खराब हो गए हैं. उमस और गर्मी के कारण मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर अस्पताल में पानी की आपूर्ति बाधित होने से लाउंड्री सेवा भी प्रभावित हो गई. सोमवार को कपड़ों की धुलाई पूरी तरह बंद रही, जिससे वार्डों में इस्तेमाल होने वाले चादर और अन्य कपड़ों की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई. लाउंड्री कर्मचारियों ने इस समस्या की शिकायत अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा से की. अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि अस्पताल की टंकी से मोटर के माध्यम से सेंट्रल एसी के चिलर प्लांट और लाउंड्री तक पानी पहुंचाया जाता है. मोटर के अचानक खराब हो जाने के कारण पानी की सप्लाई ठप हो गई, जिससे एसी सिस्टम बंद हो गया और लाउंड्री का काम भी प्रभावित हुआ. उन्होंने कहा कि फिलहाल लाउंड्री के लिए अस्थायी पाइपलाइन से पानी की व्यवस्था की गई है. वहीं खराब मोटर की मरम्मत के लिए संबंधित कंपनी लारसेंन (एलएंडटी) को सूचना दे दी गई है और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है.







