
जमशेदपुर : कोल्हान का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल एमजीएम हॉस्पिटल राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के विस क्षेत्र में होने के बावजूद समस्याओं के मकलड़जाल से नहीं उबर पा रहा है. कभी कर्मचारियों की समस्या, तो कभी छज्जा गिर जाता है. लेकिन इतना ही नहीं मरीजों की जांच के लिए करोड़ो की लागत से लगी मशीनें भी खराब पड़ी हुई हैं और उनकी मरम्मत नहीं हो पा रही है. इसके लिए भाजपा ने राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. बुधवार को भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी के नेतृत्व में भाजपाइयों ने अस्पताल प्रबंधन से मुलाकात की. इस दौरान अस्पताल में खराब पड़ी सिटी स्कैन मशीन की मरम्मत, इको जांच की सुविधा आदि पर बात की. इसके साथ ही मशीन की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग करते हुए सहयोग के रूप में 10 हजार रुपये का चेक भी सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)
कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि सिटी स्कैन मशीन खराब होने के कारण मरीजों को बाहर से जांच कराने को कहा जाता है. इस कारण अस्पताल में दलाल सक्रिय हो गये हैं, जो मरीजों व उनके परिजनों को शहर के प्राइवेट जांच केंद्रों में ले जाते हैं और उनसे मनमाने शुल्क की वसूली की जाती है. अत: मशीन की जल्द से जल्द मरम्मत करायी जाये. यदि अस्पताल या सरकारी स्तर पर जल्द मरम्मत नहीं करायी जाती है, तो हम भिक्षाटन करके भी मशीन की मरम्मत करायेंगे. हम मरीजों व उनके परिजनों को इधर-उधर भटकने नहीं देंगे. इस दौरान कुणाल षाड़ंगी के अलावा भाजपा नेता विकास सिंह व अन्य उपस्थित थे.











