जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के डिमना रोड स्थित एमजीएम अस्पताल में सोमवार को अजीबोगरीब स्थिति उस समय उत्पन्न हो गई. जब एक साथ दस युवतियां नौकरी के लिए अस्पताल पहुंचीं. मामला सामने आने पर अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अवैध तरीके से पैसा लेकर नौकरी दिलाने का भंडाफोड़ हुआ. जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर रेलवे लाइन किनारे की रहने वाली इन दस महिलाओं को गोविंदपुर का ही एक व्यक्ति नौकरी दिलाने के बहाने अस्पताल लाया था. (नीचे देखे पूरी खबर)
भुक्तभोगी काजल पाल ने बताया कि आरोपी ने उनसे पहले ही एक-एक हजार रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक की फोटोकॉपी जमा करवा ली थी. युवतियों को वह व्यक्ति अस्पताल कैंटीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाया और वहां बैठाकर इंतजार करने को कहकर खुद गायब हो गया. काफी देर इंतजार के बाद जब वह व्यक्ति नहीं लौटा, तो महिलाओं ने अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों से इसकी शिकायत की. इसके बाद सभी पीड़ित महिलाएं अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आर.के. मंधान से मिलीं और पूरी आपबीती सुनाई. अधीक्षक ने महिलाओं को गोविंदपुर थाना जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी ताकि दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके. इस घटना से यह स्पष्ट हो गया है कि बेरोजगारों की मजबूरी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर रहे हैं फिलहाल, पुलिस में शिकायत दर्ज होते ही मामले की जांच शुरू होने की उम्मीद है.





