
कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम अस्पताल में जल्दी आई बैंक की सुविधा शुरू होने जा रही है. इसको लेकर तकनीकी कमियों को दूर करने का काम जोर-शोर से जारी है. अस्पताल के अधीक्षक ने बताया कि यह एक बेहतर कदम है और इस दिशा में अस्पताल प्रबंधन काफी गंभीरता से काम कर रही है. उधर झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय अचानक अस्पताल पहुंचे वैसे उनका यहां पिछले 8 महीनों से आना- जाना है. जहां हर बार वे अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की बात कह कर यहां पहुंचते हैं लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात ही साबित हुए हैं. वैसे मंत्री ने खुद भी इस बात को स्वीकार किया है और अस्पताल में मौजूद संसाधनों को नाकाफी बताया है. वैसे मंत्री ने अपने सरकार पर भी निशाना साधा और कहा सरकार और सचिवालय को इस अस्पताल को बेहतर तालमेल के साथ चलाने की जरूरत है. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सीमित संसाधनों के बीच मरीजों की सेवा के लिए बधाई दी. साथ ही जल्द ही विभागीय सचिव से मिलकर इस अस्पताल के लिए जरूरी संसाधन और पैसे उपलब्ध कराए जाने की बात कही ताकि अस्पताल की व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके वैसे. यह अस्पताल की बदनसीबी ही है कि जमशेदपुर से मुख्यमंत्री और दो मंत्री वर्तमान झारखंड सरकार में हैं, बावजूद इसके यह अस्पताल बदहाली का रोना रो रहा है. ऐसे में आई बैंक का झुनझुना कितना कारगर साबित होगा यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा.



