
जमशेदपुर : झारखंड के मुख्यमंत्री जोहार जन आशीर्वाद यात्रा पर निकले हैं जहां घूम घूम कर मुख्यमंत्री पिछले 5 सालों का लेखा-जोखा जनता के बीच रख रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने और अपने पार्टी के लिए वोट मांग रहे हैं. वैसे मुख्यमंत्री विकास का दावा कर वोट मांगते नजर आ रहे हैं. लेकिन मुख्यमंत्री के गृह जिले की ही अगर हम बात करें तो यहां जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले सोनारी आदर्श नगर फेज संख्या 7 के लोग काफी नाराज नजर आ रहे हैं. वैसे इस विधानसभा क्षेत्र से झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय चुनाव जीतकर मंत्री बने हैं इस सोसाइटी की सबसे बड़ी समस्या बारिश के मौसम में जलजमाव को लेकर है. जहां बीते 15 वर्षों से बड़ी आबादी बारिश के दिनों में बेहाल हो जाती है. पूरा इलाका टापू में तब्दील हो जाता है सभी गाड़ियां पानी में तैरती नजर आती है. इसको लेकर कई बार स्थानीय लोगों ने विधायक सह मंत्री सरयू राय से फरियाद भी लगाई. टाटा स्टील और जिला प्रशासन के साथ अधिसूचित क्षेत्र समिति के यहां भी फरियाद लगाई बावजूद इसके नतीजा सिफर ही रहा है. वैसे सोसायटी के लोगों ने आज बैठक कर वर्तमान कमेटी में बदलाव के संकेत दिए हैं. साथ ही जलजमाव के विकल्पों पर तेजी से काम करने की बात कही है. बहरहाल आगे देखना यह दिलचस्प होगा कि नई कमेटी क्या सोसाइटी को जलजमाव से निजात दिला पाती है, या पिछले 15 वर्षों से बेहाल लोग फिर से उसी स्थिति में जीने को विवश होंगे.




