
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में शनिवार को जमीन पर गिरे एक पर्स को लेकर दो महिलाओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक विवाद होता रहा. पर्स में रखी रकम को लेकर दोनों महिलाओं के अलग-अलग दावे के कारण मामला इतना बढ़ गया कि अस्पताल प्रबंधन को एमजीएम थाना पुलिस को सूचना देनी पड़ी. हालांकि, किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दिए जाने के बाद अंततः समझौता करा दिया गया. जानकारी के अनुसार, चांडिल बाजार निवासी मंजू दास शनिवार सुबह अपनी बेटी के साथ इलाज कराने एमजीएम अस्पताल पहुंची थीं. सुबह करीब साढ़े 10 बजे पहली मंजिल पर खून की जांच कराने के दौरान उनका पर्स जमीन पर गिर गया. कुछ देर बाद पर्स नहीं मिलने पर उन्होंने अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों से इसकी शिकायत की और बताया कि पर्स में रुपये रखे हुए थे. ( नीचे देखें पूरी खबर)

शिकायत के बाद सुरक्षाकर्मियों ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में एक महिला जमीन पर गिरा पर्स उठाते हुए दिखाई दी. जांच के दौरान पता चला कि महिला अपने एक परिजन का इलाज कराने अस्पताल आई थी और वह सूरदा, मुसाबनी की रहने वाली है. बताया जाता है कि वह अस्पताल के एक स्टाफ की परिचित भी है. महिला से फोन पर संपर्क किया गया तो वह उस समय अपने घर के पास पहुंच चुकी थी. इसके बाद उसे वापस अस्पताल बुलाया गया. सूचना मिलने पर वह मरीज के साथ दोबारा एमजीएम अस्पताल पहुंची. अस्पताल पहुंचने के बाद शाम करीब 5 बजे से साढ़े 6 बजे तक दोनों महिलाओं के बीच पर्स में रखी रकम को लेकर विवाद होता रहा. मंजू दास का दावा था कि पर्स में 25 हजार 300 रुपये थे, जबकि पर्स उठाने वाली महिला का कहना था कि उसमें केवल 2,110 रुपये ही थे. मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों ने दोनों पक्षों को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों महिलाएं अपने-अपने दावे पर अड़ी रहीं. मामला बढ़ता देख एमजीएम थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से पूछताछ की और मामले की जांच की. हालांकि, शिकायतकर्ता की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई. अंततः पर्स और उसमें मौजूद 2,110 रुपये वापस मिलने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया. इसके बाद दोनों महिलाएं अपने-अपने घर चली गई. इधर परितोष महतो कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुरूम्बिल निवासी का मोबाइल फोन चोरी हो गया था इमरजेंसी वार्ड से. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर होमगार्ड जवानों ने बरामद कर लिया. चौथी मंजिल पर भर्ती एक मरीज के पास से बरामद हुआ.




