जमशेदपुर : भीषण गर्मी ने अब सरकारी मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. शनिवार को महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज में उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एमबीबीएस छात्रों ने लेक्चर रूम में पंखा और एयर कंडीशनर बंद रहने के विरोध में प्रिंसिपल डॉ संजय कुमार का घेराव कर दिया. छात्रों का आरोप था कि 41 डिग्री तापमान में बिना पंखे और एसी के क्लास करना बेहद कठिन हो गया है. उनका कहना था कि कॉलेज के कई लेक्चर रूम में पिछले दो वर्षों से पंखे और एयर कंडीशनर खराब पड़े हैं. इस संबंध में कई बार कॉलेज प्रशासन को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया. छात्रों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है. शिक्षक भी क्लास लेने में असुविधा महसूस कर रहे हैं, जबकि छात्र पसीने से तर होकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं. उनका कहना था कि मेडिकल शिक्षा जैसे गंभीर पाठ्यक्रम के लिए न्यूनतम बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कॉलेज में सीटों की संख्या बढ़ाए जाने पर भी सवाल उठाए. उनका कहना था कि एमबीबीएस की सीटें 100 से बढ़ाकर 150 कर दी गई हैं, वहीं पीजी सीटों की संख्या भी बढ़कर 51 हो चुकी है, लेकिन सुविधाओं में कोई विस्तार नहीं किया गया. छात्रों ने पूछा कि जब सीटें बढ़ाई जा सकती हैं, तो आवश्यक संसाधन और आधारभूत सुविधाएं क्यों नहीं बढ़ाई जा रहीं. छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से जल्द से जल्द पंखों और एसी की मरम्मत कराने तथा शिक्षण व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की. मामले को लेकर कॉलेज प्रशासन की ओर से समाधान का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है.








