जमशेदपुर : जिला प्रशासन की टीम शनिवार शाम सवा पांच बजे के करीब जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने अस्पताल पहुंची. करीब ढाई घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी सेवा, कार्यालयों तथा अन्य विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर पहुंचे निरीक्षण दल में एडीएम, एसडीएम, सिविल सर्जन, एसीएमओ और कई प्रशिक्षु उप समाहर्ता शामिल रहे. टीम ने अस्पताल में कई स्थानों पर बंद पड़े एसी, पेयजल संकट, मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया. (नीचे भी पढ़ें)
निरीक्षण के बाद एसडीएम अर्णव मिश्रा ने बताया कि अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रशासन नियमित रूप से निरीक्षण कर रहा है. उन्होंने कहा कि अस्पताल में डब्ल्यूटीपी (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) का कार्य अबतक पूरा नहीं होने के कारण सेंट्रलाइज्ड एसी सिस्टम के चिलर में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है. इसके चलते एक ओर सफाई होने के बावजूद दूसरी ओर गंदगी जमा हो जाती है, जिससे अस्पताल के सभी हिस्सों में एसी सुचारू रूप से कार्य नहीं कर पा रहे हैं. एसडीएम ने कहा कि चिलर में स्वच्छ पानी की आपूर्ति शुरू होने के बाद एसी से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो जाएगा. साथ ही, उन्होंने अस्पताल में व्याप्त पेयजल समस्या के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये. निरीक्षण के दौरान एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय कुमार, विभिन्न विभागाध्यक्ष तथा अस्पताल के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. प्रशासन ने संकेत दिया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की मॉनीटरिंग आगे भी जारी रहेगी.







