जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित कुंज नगर की रहने वाली 14 वर्षीय छात्रा शिवानी महतो रविवार से लापता है. परिजनों की शिकायत पर सोनारी थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी हुई है. शिवानी की मां मुगली महतो ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 28 जून की सुबह करीब 11 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गयी थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी. परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. मां के अनुसार, घटना से एक दिन पहले उन्होंने शिवानी को लगातार मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर डांटा था और गुस्से में दो थप्पड़ भी मार दिए थे. आशंका जताई जा रही है कि इसी बात से नाराज होकर वह घर छोड़कर चली गयी. (नीचे भी पढ़ें)
लापता छात्रा की उम्र करीब 14 वर्ष, रंग सांवला, कद लगभग 4 फीट है. वह हिंदी और उड़िया भाषा बोलती है तथा कक्षा 9 की छात्रा है. सोनारी थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को शिवानी महतो के संबंध में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना या सोनारी थाना को दें, ताकि छात्रा को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके.







