जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के मानगो नगर निगम के चुनाव में भाजपा के समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह (भाजपा उद्योग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नीरज सिंह की पत्नी) के हार को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बड़ा बयान दिया है. श्री राय ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा है कि भाजपा के मेयर उम्मीदवार को हराने में भाजपाई ही लग गये थे. यह पूछा गया कि बन्ना गुप्ता ने बाजी मार ली. उन्होंने कहा कि मानगो की जो बनावट है, उसमें 10 से 11 हजार मुसलमानों ने बन्ना गुप्ता (उम्मीदवार सुधा गुप्ता थी, जो अब मेयर बन गयी) को वोट नहीं दिया. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर पश्चिम में जब हम चुनाव लड़ते है और अगर मानगो की गिनती के पहले हमारी लीड 30 से 35 हजार की नहीं है तो हम खुद चुनाव नहीं जीत सकते है. मुसलमान और हिंदूओं ने, जो कांग्रेस के समर्थक है, उन दोनों को मिला दीजिये तो बन्ना गुप्ता हर चुनाव में मानगो में वोट मिले है. (नीचे भी पढ़ें)
पिछले विधानसभा चुनाव में भी हमने 40 हजार का लीड सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर और साकची से लेकर मानगो की ओर गिनती में जब पहुंचे तो 8 हजार से ही चुनाव जीत पाये थे. यह कोई अचरज की बात नहीं है कि मानगो नगर निगम में बन्ना गुप्ता ने चुनाव जीता है. अचरज की बात तो यह है कि मानगो के मुसलमानों ने बन्ना गुप्ता को वोट नहीं किया. कम वोट किया. श्री राय ने कहा कि भाजपा के ही लोग भाजपा के ही उम्मीदवार को जीताने के लिए काम नहीं किये. भाजपा का बड़ा तबका अपने ही उम्मीदवार को हराने के लिए लग गये थे. एनडीए के नाते हम और हमारे सारे साथियों ने जोर शोर से काम किया. उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में भी जब वे चुनाव लड़ रहे थे, तब भी कई लोगों ने भाजपा में रहकर हमारे लिए काम नहीं किया था. लेकिन हम लोगों ने एनडीए के नाते ईमानदारी से काम किया. भाजपा में ही कोताही रही. भीतरघात नहीं बल्कि पूरा घात हुआ है.



