जमशेदपुर: मारवाड़ी युवा मंच,स्टील सिटी शाखा द्वारा समाज के बच्चों, बहनों एवं बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए संचालित एचपीवी वैक्सिनेशन ड्राइव के अंतर्गत 01 फरवरी को एचपीवी वैक्सीन का तीसरा एवं अंतिम डोज सफलतापूर्वक प्रदान किया गया.इस अभियान के अंतर्गत करीब 200 बच्चों एवं महिलाओं का टीकाकरण किया गया. इस दौरान 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को दो डोज तथा 14 वर्ष से अधिक आयु के सभी बच्चों एवं महिलाओं को तीन डोज का पूर्ण टीकाकरण प्रदान किया गया, जिससे सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा की यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सकी.यह टीकाकरण शिविर डॉ जे शरण पैथोलॉजिकल लैबोरेटरी एवं स्क्रीनिंग सेंटर, बाराद्वारी में आयोजित किया गया, जहां सभी पंजीकृत लाभार्थियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार टीके की खुराक प्रदान की गई. यह संपूर्ण अभियान 20 जुलाई 2025 को आयोजित जागरूकता शिविर से प्रारंभ होकर प्रथम, द्वितीय एवं आज के तृतीय डोज के साथ अपने उद्देश्य तक पहुंचा. इस पहल का मुख्य लक्ष्य समाज में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को सशक्त बनाना रहा.(नीचे भी पढ़े)
यह पुण्य अभियान रिंगेसिया परिवार द्वारा स्व.अर्णव अग्रवाल की पावन स्मृति में श्याम सुंदर रिंगसिया, ओम प्रकाश रिंगसिया, बिमल रिंगसिया, अशोक रिंगसिया एवं समस्त परिजनों के सौजन्य से संभव हो सका. मंच परिवार सभी सौजन्यकर्ताओं का हृदय से विशेष धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता है, जिनके सहयोग से यह व्यापक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा सका. अग्रसेन भवन राजस्थान कल्याण परिषद ने कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया तथा मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी शाखा को सदैव प्रत्येक नेक एवं जनकल्याणकारी कार्य के लिए सहयोग, समर्थन एवं प्रेरणा देते रहे हैं. उनका सतत सहयोग मंच के सेवा कार्यों को निरंतर सशक्त बनाता है.साथ ही धन्यवाद डॉ जे शरण पैथोलॉजिकल लैबोरेटरी एवं स्क्रीनिंग सेंटर को, जिन्होंने इस टीकाकरण अभियान के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. विशेष रूप से इसके निदेशक अभिषेक मुण्डा का हार्दिक आभार, जिन्होंने दूसरे एवं तीसरे डोज़ हेतु अपने लैब की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराईं.इस सफल आयोजन के लिए शिविर के संयोजक निलय अग्रवाल एवं अनुज गुप्ता का धन्यवाद, जिन्होंने पूरे अभियान को उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन एवं समर्पण के साथ सम्पन्न कराया. साथ ही हमारे मार्गदर्शक एवं पूर्व अध्यक्ष अजय चेतानी का भी आभार जताया, जिनके मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सतत सहयोग से यह संपूर्ण अभियान और अधिक प्रभावशाली एवं सफल हो सका.








