जमशेदपुर : जमशेदपुर के नुवोको सीमेंट प्लांट की अधीकृत यूनियन जोजोबेड़ा सीमेंट प्लांट इंप्लाइज यूनियन की कमेटी मीटिंग गोलमुरी क्लब में हुई. कमेटी मीटिंग की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने किया. मीटिंग में सर्वप्रथम पिछली मीटिंग से इस मीटिंग के बीच में मृत ट्रेड यूनियन नेताओं विशेष कर जेसीपी एम्पलाई यूनियन के वरिष्ठ नेता दिवंगत सुनील शुक्ला की स्मृति में 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. तत्पश्चात पिछली कमिटी मीटिंग का मिनट्स पढ़कर सुनाया गया जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया. तदोपरांत आय व्यय का ब्योरा यूनियन के कोषाध्यक्ष संजीव सिंह ने हाउस के सामने रखा. इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया. इस अवसर पर यूनियन के सदस्यों ने मजदूर हित एवं कंपनी हित में विभिन्न सुझाव को रखा. इसके तहत कमेटी मेंबरों और आम सदस्यों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस एवं ठेका कर्मियों के वेलफेयर पर विशेष जोर दिया गया. यूनियन द्वारा अपने पूर्व एवं वर्तमान सदस्यों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करने का प्रस्ताव रखा गया है. इस प्रस्ताव के तहत यूनियन के फंड से सदस्यों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने हेतु मेडिकल इंश्योरेंस योजना लागू करने की दिशा में कदम उठाया जाएगा. इसका उद्देश्य किसी भी आकस्मिक स्थिति में सदस्यों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में सहयोग प्रदान करना है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके साथ ही यूनियन ने ठेका कर्मचारियों के वेलफेयर पर भी विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया है. प्रस्ताव के अनुसार, ठेका कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के पश्चात यूनियन की ओर से सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा तथा उन्हें गरिमापूर्ण विदाई दी जाएगी. इसके अतिरिक्त, किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में यूनियन द्वारा सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा. इन दोनों महत्वपूर्ण प्रस्तावों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा. यह कमेटी इन योजनाओं पर विस्तृत अध्ययन करेगी और इनके क्रियान्वयन में आने वाले संभावित खर्च का आकलन करेगी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी और योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा. यूनियन की यह पहल न केवल सदस्यों के स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करेगी, बल्कि ठेका कर्मचारियों के सम्मान और कल्याण की दिशा में भी एक सराहनीय कदम साबित होगा. साथ ही साथ कर्मचारियों के प्रोन्नति में हो रहे विलंब का मुद्दा भी यूनियन की मीटिंग में उठा. इस पर भी प्रबंधन से बात कर इसका निराकरण करने का आश्वासन यूनियन को अध्यक्ष ने दिया. अंत में यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि यूनियन का काम वर्तमान कर्मचारियों के सुख सुविधा और कल्याण के साथ-साथ अपने पूर्व कर्मचारी जो यूनियन के सदस्य रह चुके हैं, उनका भी ध्यान रखना चाहिए. इसके साथ ही साथ कंपनी में जिस एक वर्ग की सबसे ज्यादा भागीदारी है, जो लोग हमसे जुड़े हुए हैं, ऐसे ठेका श्रमिकों की भी सुख सुविधा और उनका कल्याण का भी पूरा ध्यान रखना चाहिए. हम सब मिलकर के आगे इस पर काम करेंगे और यूनियन को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य करते रहेंगे. मीटिंग में मुख्य रूप से यूनियन के महासचिव विजय खान, उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव,अध्यक्ष के सलाहकार विनय त्रिवेदी, कोषाध्यक्ष संजीव सिंह, कमेटी मेंबर विजय देव, एनबी थापा, आर कर्मकार सहित सभी सदस्य गण उपस्थित थे.











