जमशेदपुर : जमशेदपुर उत्पाद विभाग की टीम ने सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह ग्वाला बस्ती में अवैध विदेशी शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष छापामारी अभियान में उत्पाद विभाग, पूर्वी सिंहभूम की टीम ने कुल 15.750 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है. बरामद शराब में किंग्स गोल्ड और आरएस जैसे विदेशी शराब के ब्रांड शामिल बताए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सूत्रों के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बाबूडीह ग्वाला बस्ती में अवैध रूप से विदेशी शराब का भंडारण और बिक्री जारी है. सूचना के सत्यापन के बाद सहायक उत्पाद आयुक्त के आदेश पर गठित विशेष टीम ने तय रणनीति के तहत संबंधित इलाके में छापामारी की. छापामारी के दौरान टीम ने एक स्थान से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की, जिसे अवैध रूप से बिक्री के लिए रखा गया था. (नीचे भी पढ़ें)
कार्रवाई के दौरान मौके से अवैध शराब कारोबार में संलिप्त एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया. उत्पाद विभाग की टीम ने जब्त की गई पूरी शराब को विधिवत अपने कब्जे में लेते हुए अभियुक्त के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी हासिल की जा सके. उत्पाद विभाग, पूर्वी सिंहभूम के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। विभाग ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.








