आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर के एस टाइप चौक पर सोमवार देर रात भीषण आगजनी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. इस हादसे में आई टाइप ब्लॉक के समीप स्थित ‘बाबू पान दुकान’ सहित दो दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं. गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की तत्परता से पास में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई. (नीचे भी पढ़ें)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात करीब 12 बजे की है. बताया जा रहा है कि दुकानों में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है. रात का समय होने और दुकानें बंद रहने के कारण शुरुआती दौर में किसी को आग की भनक नहीं लगी. इसी बीच दुकान के अंदर रखे पटाखों ने आग पकड़ ली, जिसके बाद तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं. पटाखों के फटने से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें दूर से ही दिखाई देने लगीं. (नीचे भी पढ़ें)
धमाकों और आग की तेज लपटों को देखकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग की सूचना मिलते ही एस टाइप क्षेत्र के निवासी व सामाजिक कार्यकर्ता संजीव उर्फ बबुआ सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने बिना देर किए दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल दूसरी दमकल गाड़ी भी मंगाई गई. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं.








