जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2006 से संचालित पारा मेडिकल संस्थान के लिए अलग भवन और छात्रावास जैसी सुविधाएं अब तक उपलब्ध नहीं हो सकी हैं. इसे लेकर पारा मेडिकल स्टाफ एसोसिएशन ने गुरुवार को उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए अविलंब भवन निर्माण शुरू कराने की मांग की. ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 2013 में पारा मेडिकल छात्र संघ द्वारा आंदोलन और भूख हड़ताल किये जाने के बाद सरकार ने वर्ष 2014-15 में भवन और छात्रावास निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी थी, इसके बावजूद आज तक परियोजना धरातल पर नहीं उतर सकी है. (नीचे भी पढ़ें)
एसोसिएशन के नेताओं ने बताया कि रांची स्थित रिम्स और धनबाद के एसएनएमएमसीएच में पारा मेडिकल कॉलेज के भवन बनकर तैयार हो चुके हैं, लेकिन एमजीएमएमसीएच, जमशेदपुर के लिए आज तक जमीन का चयन ही नहीं हो पाया है, जिससे यहां पढ़नेवाले छात्रों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. एसोसिएशन ने सुझाव दिया है कि मेडिकल कॉलेज परिसर में ही वन विभाग की कुछ भूमि चिह्नित कर छात्रावास एवं कॉलेज भवन का निर्माण कराया जाए. (नीचे भी पढ़ें)
पारा मेडिकल स्टाफ एसोसिएशन ने कहा कि भवन और छात्रावास की अनुपलब्धता से छात्रों की पढ़ाई और रहन-सहन प्रभावित हो रहा है. इस संबंध में कई बार पत्राचार और बैठकें हो चुकी हैं, पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है. उन्होंने सरकार से संस्थान के प्रस्तावित भवन की शीघ्र आधारशिला रखकर कार्यारंभ कराने की मांग की है. इस विषय में एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री, प्रधान सचिव और स्वास्थ्य विभाग के निदेशक प्रमुख को भी ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रेषित की है.



