जमशेदपुर : पोटका प्रखंड के सारसे गेड़ासाई गांव की 18 वर्षीया सुनिया सरदार को शनिवार दोपहर 12 बजे के करीब गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इमरजेंसी में जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे ब्रेन मलेरिया से पीड़ित बताते हुए उसके परिजनों को उसकी स्थिति गंभीर होने की जानकारी दी. डॉक्टरों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर मरीज को किसी उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करना पड़ सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों के अनुसार, सुनिया पिछले चार दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थी. शुरुआत में उसका इलाज गांव के एक स्थानीय चिकित्सक से कराया जा रहा था. शनिवार को अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे एमजीएम अस्पताल लाया गया. परिजनों ने बताया कि दिन में अस्पताल में बेहतर इलाज की व्यवस्था नहीं होने की सूचना स्थानीय विधायक संजीव सरदार को फोन पर दी गई थी. इसके बाद मरीज का समुचित इलाज शुरू कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इधर, देर रात एमजीएम अस्पताल पहुंची दिल्ली की केंद्रीय स्वास्थ्य टीम ने गंभीर रूप से बीमार सुनिया सरदार का हालचाल जाना और मौके पर मौजूद चिकित्सकों से इलाज की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. पोटका क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे मलेरिया के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क है.





