जमशेदपुर : बागबेड़ाथाना क्षेत्र के कांचा मैदान के पास शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान परसुडीह नीमटोला निवासी तीलू प्रधान के रूप में हुई है. वह बागबेड़ा डीबी रोड स्थित एक मुर्गा दुकान में काम करता था. जानकारी के अनुसार, तीलू प्रधान अपने साथी राजेश हेम्ब्रम के साथ बाइक से कमालपुर स्थित अपनी बड़ी बहन के घर जा रहा था. इसी दौरान कांचा मैदान के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई. हादसे में तीलू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथी राजेश हेम्ब्रम को मामूली चोटें आईं. (नीचे भी पढ़ें)

दुर्घटना के तुरंत बाद राजेश ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल तीलू को सदर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर बागबेड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया. युवक की असामयिक मौत से परिवार में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना बाइक का संतुलन बिगड़ने के कारण हुई प्रतीत होती है. मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.







