
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका घाटशिला के बुरुडीह डैम में रविवार शाम करीब चार बजे पिकनिक मना रहे जमशेदपुर के एक परिवार पर बंगाल के गोपीबल्लवपुर से आए बोलेरो सवार युवकों ने वाहन चढ़ा दिया. इस दर्दनाक घटना में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं. हादसे से आक्रोशित लोगों ने बोलेरो में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया. गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई भी की. पुलिस की मदद से सभी घायलों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लाया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

गंभीर रूप से घायल निष्ठा कुमारी महतो, संतोष महतो, गोमती मुंडा और रोमतीना मुंडा को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं वरुण विश्वकर्मा, संतोष महतो और मनीष महतो का अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया. बोलेरो चालक भी घायल है, जिसका इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है. जानकारी के अनुसार, सोनारी और डिमना से तीन ऑटो में सवार होकर लोग पिकनिक मनाने पहुंचे थे और तिरपाल बिछाकर भोजन कर रहे थे. इसी दौरान बोलेरो चालक सनातन मल्लिक ने वाहन लोगों पर चढ़ा दिया. आरोप है कि वह नशे में था. घटना के बाद अफरातफरी मच गई. पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है.













