जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना पुलिस ने अपने नेटवर्क का उपयोग करते हुए करीब 67 लाख 59 हजार रुपये की धोखाधड़ी और गबन मामले में दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस ने आरोपी को ओडिशा से पकड़ने में सफलता हासिल की है. मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि थाना में कांड संख्या 27/24 दिनांक 10 मार्च 2024 को धारा 420, 406 और 120बी भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था. प्राथमिकी अभियुक्त लेजारों बारीक, पिता पीटर बारीक उर्फ श्यामसुंदर बारीक, ग्राम पुटुका थाना बीजेपुर जिला बारगढ़, ओडिशा का निवासी है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में महेश एडिबल ऑयल (सलोनी सरसों तेल) के मालिक राजेश अग्रवाल को दुकान के हिसाब-किताब की जांच के दौरान गड़बड़ी का पता चला. जांच में सामने आया कि कंपनी में वर्ष 2010 से कार्यरत लेजारों बारीक बाजार से ग्राहकों से रुपये वसूलता था, लेकिन पूरी राशि कंपनी में जमा नहीं करता था। वह कंपनी प्रबंधन को यह कहकर गुमराह करता था कि संबंधित ग्राहकों से भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
इसी प्रकार वर्ष 2022 से 2024 के बीच आरोपी ने लगातार हेराफेरी करते हुए कुल 67 लाख 59 हजार रुपये का गबन कर लिया. मामला सामने आने के बाद परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. केस दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था. परसुडीह पुलिस ने तकनीकी नेटवर्क और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार उसकी तलाश जारी रखी. अंततः पुलिस टीम ने ओडिशा में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है.







