जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के छप्पन भोग के पास बुधवार रात एक तेज रफ्तार कार ने अचानक बेकाबू होकर अफरा तफरी मचा दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार जुगसलाई की ओर से तेज गति में आ रही थी. इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सबसे पहले सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार उछलते हुए आगे बढ़ी और एक राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया. घटना यहीं नहीं रुकी. (नीचे देखे पूरी खबर)

अनियंत्रित कार सड़क पार करते हुए दूसरी ओर स्थित एक नामी ब्रांड के कपड़ों के शोरूम में जा घुसी. जोरदार आवाज के साथ हुए इस हादसे से आसपास के लोग सहम गए और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई. दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. बताया जा रहा है कि कार में एक दंपत्ति सवार थे. हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि उसकी पत्नी घटनास्थल पर ही मौजूद रही. चालक के अचानक गायब हो जाने से लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. जिस व्यक्ति को कार ने टक्कर मारी, उसे मामूली चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिलवाया. फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है. हादसे के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात प्रभावित रहा. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई. इस घटना ने शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को एक बार फिर उजागर कर दिया है.




