जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत कीताडीह रेलवे हॉस्पिटल के पीछे छापेमारी कर एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख यासीन उर्फ बब्बन के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस ने उसके पास से 2.070 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, शेख यासीन गांजा की तस्करी और सप्लाई के धंधे से जुड़ा हुआ था और बरामद गांजा वह ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए ले जा रहा था. परसुडीह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे हॉस्पिटल के आसपास एक युवक अवैध रूप से गांजा बेचने के इरादे से मौजूद है. (नीचे भी पढ़े)

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की.छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही एक युवक वहां से फरार हो गया, जबकि शेख यासीन को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया. पूछताछ में शेख यासीन ने फरार युवक का नाम शेख अशफाक बताया, जो जुगसलाई थाना क्षेत्र के महतो पाड़ा रोड का निवासी है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.फिलहाल पुलिस शेख यासीन से यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसका नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला है. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.







