जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में आदित्यपुर टू निवासी मंगल टुडू उर्फ मंगल माझी (46) और सुंदरनगर के केंदुआकुंगरी निवासी समरेश रविदास उर्फ मिथुन (34) शामिल है. उनके पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गयी. पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमीत कुमार ने खुलासा करते हुए बताया कि 21 जून की रात करीब 11:50 बजे सूचना मिली थी कि नागाडीह मैदान के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से मंगल टुडू उर्फ मंगल मांझी (46 वर्ष) और समरेश रविदास उर्फ मिथुन (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल (मैगजीन सहित) 7.65 बोर के 5 जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन, टीवीएस जुपिटर स्कूटी (नंबर जेएच05डीवाइ-0181) बरामद किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मंगल टुडू का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है उसके खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश, आर्म्स एक्ट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले आदित्यपुर, परसुडीह, आरआईटी और गोविंदपुर थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं. फिलहाल दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.







