जमशेदपुर : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जदयू के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने पटना में शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर महानगर में संगठन के विस्तार, जनसंपर्क अभियान एवं पार्टी की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए संगठनात्मक कार्यों से अवगत कराया. सुबोध श्रीवास्तव और अजय कुमार 21 जून को पटना में आयोजित जदयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में भाग लेने पहुंचे थे. बैठक के उपरांत उन्हें पार्टी के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
राष्ट्रीय परिषद की बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सदस्यता विस्तार तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई और कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए. बैठक में देशभर से आए प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए उन्हें पुनः जनता दल यूनाइटेड का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का अनुमोदन किया. (नीचे भी पढ़ें)
मुलाकात के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव एवं जदयू के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र तिवारी भी उपस्थित रहे. सभी नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की. अजय कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू लगातार मजबूत हो रही है तथा विकास, सामाजिक न्याय और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी आने वाले समय में और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी.







