जमशेदपुर: जमशेदपुर के आजादनगर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पारडीह चौक के आसपास से एक युवक को 38 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से एक स्मार्ट मोबाइल फोन भी बरामद किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान सौरभ ओहरी (21 वर्ष) के रूप में हुई है.पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त की रात करीब 8:10 बजे पारडीह चौक और आसपास के इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी. सूचना से वरीय अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस टीम ने पारडीह चौक के आसपास रेकी शुरू की. इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा. पूछताछ में उसने अपना नाम सौरभ ओहरी बताया. तलाशी के दौरान उसके पास से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक पूछताछ में सौरभ ओहरी ने बताया कि उसने कथित तौर पर यह ब्राउन शुगर सोनारी निवासी पवन यादव से लिया था. पुलिस का दावा है कि पवन यादव पूर्व में एनडीपीएस मामले में आरोपी रही चटनी डॉन का पति है. पुलिस के अनुसार, चटनी डॉन के जेल जाने के बाद कथित तौर पर पवन यादव इस अवैध नेटवर्क को संचालित कर रहा है. पुलिस ने सौरभ ओहरी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है. वहीं, मामले में शामिल अन्य संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान जारी है.




