जमशेदपुर : झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही, पीजीटीटी, मैट्रिक सहित विभिन्न प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितता, परीक्षा स्थगित होने तथा भर्ती प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने राज्य सरकार के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है. भाजपा युवा मोर्चा जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष नितिश कुशवाहा ने कहा कि झारखंड का युवा वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है. लेकिन बार-बार परीक्षा विवादों में आने से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि नौकरी युवाओं का अधिकार है, सरकार की कृपा नहीं. जिन युवाओं ने वर्षों तक किताबों के बीच अपना भविष्य बनाया, उनके सपनों के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए. (नीचे भी पढ़े)
नितिश कुशवाहा ने जेपीएससी, जेएसएससी सहित विवादित परीक्षाओं की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच केवल छोटे स्तर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच होनी चाहिए. उन्होंने अभय तिवारी से जुड़े आरोपों एवं जिन-जिन परीक्षाओं में उनकी कथित भूमिका की जांच के दायरे में मामला आता है, उन सभी परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में अनियमितता प्रमाणित होने पर संबंधित परीक्षाओं को रद्द कर पुनः परीक्षा कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल एक प्रश्नपत्र चोरी होने का मामला नहीं है, यह लाखों मेहनती युवाओं के अधिकार की चोरी है. जिस परीक्षा की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हों, उसकी पारदर्शी जांच जरूरी है. दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के सामने उसे जवाब देना होगा. (नीचे भी पढ़े)
नितिश कुशवाहा ने कहा कि 10 अगस्त को छात्रों एवं युवाओं द्वारा रांची में प्रस्तावित विधानसभा घेराव केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि अपने अधिकार और भविष्य की आवाज है. उन्होंने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं के धैर्य की परीक्षा मत लीजिए. पेपर लीक और भर्ती में अनियमितता के खेल पर पूर्ण विराम लगाना होगा. सरकार को जवाब देना होगा कि मेहनत करने वाले युवाओं के भविष्य के साथ आखिर कब तक खिलवाड़ होता रहेगा. भाजयुमो युवाओं के अधिकार की इस लड़ाई में सड़क से सदन तक मजबूती से खड़ा रहेगा. संवाददाता सम्मेलन में भाजपा नेता चिंटू सिंह, भाजपा नेता कृष्णकांत राय, यूपीएसी के छात्र बिनय सिंह, ममता सिंह, सोनी कुमारी, अमित मेहता, सोनू मौर्य, अमित पांडेय एवं मुकेश सिंह सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा उपस्थित रहे.




