जमशेदपुर : झारखंड सरकार राज्य में विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है. इसी क्रम में जमशेदपुर पुलिस के बेड़े में 40 नये बोलेरो वाहन शामिल किए गए हैं. मंगलवार शाम करीब 4:15 बजे पुलिस केंद्र गोलमुरी से वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ ऐहतेशाम वकारिब ने सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर गश्त और सुरक्षा कार्यों के लिए रवाना किया. (नीचे भी पढ़ें)

नये बोलेरो वाहनों के शामिल होने से पुलिस की कार्यक्षमता में तेजी आने की उम्मीद है. अब थानों और पुलिस पदाधिकारियों को गश्त करने तथा आपातकालीन स्थिति में घटनास्थल तक शीघ्र पहुंचने में सुविधा होगी. विशेष रूप से सुदूर और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा. इन वाहनों का उपयोग हाइवे पेट्रोलिंग, महिला सुरक्षा तथा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के लिए किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे. एसएसपी ने वाहनों की स्थिति का निरीक्षण किया और चालकों व पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.







