जमशेदपुर:महानगरों की तर्ज पर अब जमशेदपुर की पुलिसिंग को हाईटेक बनाया जा रहा है. जाम से निपटने और क्राइम कंट्रोल के लिए गली- मोहल्लों में पेट्रोलिंग व्यवस्था को मजबूत करने के तहत जवानों को हाई स्पीड बाइक उपलब्ध कराई जा रही है. जिला मुख्यालय से 70 नई बजाज पल्सर बाइक पुलिस लाइन गोलमुरी पहुंच चुकी हैं. इन बाइकों पर जीपीएस सिस्टम, रेडियम और स्पेशल हॉर्न लगाया जा रहा है. कंट्रोल रूम से सभी बाइक टीम की लगातार निगरानी और गाइडलाइन दी जाएगी. (नीचे भी पढे)
सूत्रों के अनुसार जल्द ही पुराने और कंडम चारपहिया वाहनों की जगह नये वाहन भी पुलिस को उपलब्ध कराए जाएंगे. इसके लिए पुलिस मुख्यालय को प्रपोजल भेजा गया है. योजना के तहत बड़े और व्यस्त थाना क्षेत्रों को तीन नए वाहन तथा छोटे थाना क्षेत्रों को दो नए वाहन दिए जाएंगे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाई स्पीड बाइक से त्योहारों में लगने वाले जाम की समस्या से तुरंत निपटा जा सकेगा. अब पुलिस फोर्स 5 से 10 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच जाएगी. इस पहल का मकसद जाम से निजात दिलाने के साथ- साथ गली- मोहल्लों में अपराध और नशेड़ियों के जमावड़े पर रोक लगाना है.




