
जमशेदपुर : जमशेदपुर में तीन दिवसीय दौरे पर आये जोनल आईजी नवीन कुमार सिंह ने रविवार को पत्रकारों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने शहर में कई मामलों को लेकर चर्चा की. उन्होंने बताया कि शहर आने का उनका मकसद पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करना रहा. साथ ही पुलिस की कार्य क्षमता को कैसे बढ़ाया जाये, इस पर भी चर्चा की. उन्होंने बताया कि कोविड-19 को लेकर शहर में अपराधिक घटनाओं में कमी आई है. वहीं पुलिस द्वारा कार्यप्रणाली को लेकर किए गए सर्वे के बाद पुलिस हर समस्या को दूर करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कहा कि पुलिस द्वारा किए जा रहे अनुसंधान को साइंटिफिक ढंग से पूरा करने की कोशिश की जा रही है. इसके लिए शहर की पुलिस को हाईटेक किया जा रहा है. शहर के सभी पुलिस कार्यालय अब कंप्यूटराइज होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
साइबर अपराध एक चुनौती, ज्वाइंट टास्क फोर्स बनाकर किया जाएगा समाधान
आईजी नवीन कुमार सिंह ने साइबर अपराध के बारे में कहा कि साइबर अपराध पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है. पिछले साल के मुकाबले इस साल करीब 850 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. साइबर अपराधी कहीं भी किसी भी व्यक्ति को अपना शिकार बना लेते हैं. इसलिए उन्हें पकड़ पाना आसान नहीं होता है. इसके लिए पुलिस आसपास के राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर ज्वाइंट टास्क फोर्स का गठन कर रही है. इससे साइबर अपराधियों को पकड़ने में आसानी होगी. (नीचे भी पढ़ें)
आर्म्स पैडलर और नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
उन्होंने कहा कि आर्म्स पैडलर और नशे के खिलाफ डीजीपी के निर्देशानुसार अभियान लगातार जारी है. बीते दिनों ही अभियान के बाद आर्म्स पैडलर को पकड़ा गया है. वहीं अन्य आर्म्स पैडलर्स पर भी पुलिस शिकंजा कसने की कोशिश कर रही है. पुलिस इसके लिए अपराधियों की एक सूची तैयार कर रही है, जिसमें सक्रिय अपराधियों ने कहां से हथियार खरीदा और कहां रखा, इन सब की जानकारी हासिल की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
जिले में एक साल से नक्सली गतिविधियां में कमी, उलीडीह में धमाके का खुलासा जल्द
नक्सल गतिविधियों के संबंध में उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में पिछले एक साल से नक्सली गतिविधियों में कमी आयी है. हालांकि पुलिस के खुफिया अभियान में लगे होने की बात उन्होंने कही. वहीं जोनल आईजी के दौरे के पहले दिन ही मानगो के उलीडीह में हुए विस्फोट के मामले में उन्होंने बताया कि इस मामले में कई लोगों को चिन्हित किया गया है. जिसका खुलासा जल्द किया जाएगा. उन्होंने बताया कि पुलिस इसे गैंगवार से जोड़कर भी देख रही है.





