
जमशेदपुर : जमशेदपुर के घाघीडीह जेल के विचाराधीन कैदी अनीस थापा उर्फ राजा के पिता की मौत के बाद मुखाग्नि देने के लिए उसे जेल से चार घंटे के लिए बाहर निकाला गया था. इधर स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर अनीस के साथियों ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह उल्टी करने के बाद बेहोश हो गया. आनन फानन में मौके पर मौजूद सिपाहियों ने उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल वह बेहोश है. अनीस उलीडीह के खनका का रहने वाला है. स्वर्णकार अजय वर्मा पर अपने मां और बहनों के साथ अवैध संबंध को लेकर उसने अजय वर्मा पर फायरिंग कर दी थी. बाद में उसने उलीडीह थाने में सरेंडर कर दिया था. मिली जानकारी के अनुसार दो दिनों पूर्व उसके पिता की मौत हो गई थी. जेल प्रबंधन द्वारा पिता को मुखाग्नि देने के लिए चार घंटे के लिए बाहर निकाला गया था. स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उसकी हथकड़ी खोल दी गई. वहां पर उसके दोस्तों ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया. मुखाग्नि देने के बाद पुलिस दोबारा हथकड़ी लगाकर उसे साकची जेल लेकर जा ही रही थी कि रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ी और वह उल्टी करने लगा. आनन फानन में उसे एमजीएम में भर्ती कराया गया है.



