जमशेदपुर : रेल यात्री संघर्ष समिति के आह्वान को देखते हुए साउथ ईस्टर्न रेलवे के जीएम और अन्य पदाधिकारी रेल यात्री संघर्ष समिति के साथ बैठक करने के लिए टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे. इस बैठक में समिति के संरक्षक जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय , रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह, आजसू के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, जदयू अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, अमित शर्मा, राजीव कुमार , सतीश सिंह, नीरज कुमार सिंह, त्रिदेव सिंह, अजय कुमार कंचन दत्ता थे. रेलवे की ओर से साउथ ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन , चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीआरएम, डीआरएम और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)
इस बैठक में सरयू राय और शिवशंकर सिंह ने ट्रेनों की लेट लतीफी का विषय जोरदार तरीके से रखा. सरयू राय ने ट्रेनों के लेट होने के कारण क्या प्रभाव पड़ रहे हैं इसको विस्तार से रखा और कहा कि जितना ट्रेनों से राजस्व सरकार को नहीं मिल रहा उससे ज्यादा लोगों का समय नुकसान से हो रहा है. उन्होंने यात्री गाड़ी पर मालगाड़ी के प्राथमिकता की भी बात उठाई. पिछले डेढ़ महीने के लेट रिकॉर्ड को सबके सामने रखा और कहा कि आश्वासन के बाद भी गाड़ियां बहुत लेट चली हैं. शिव शंकर सिंह ने सीनी से लेकर घाटशिला तक से टाटानगर आने वाले नित्य पहुंचने वाले हजारों मजदूरों की व्यथा बताई कि विलंब से अपने कार्यस्थल आने पर किस प्रकार वे प्रताड़ित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि विलंब होने के कारण जनता का अब रेलवे से मोहभंग हो गया है और वे अब असहाय महसूस कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
महाप्रबंधक अनिल जैन ने रेलवे द्वारा किए जा रहे उपायों को बताया और इन्होंने बाकी अधिकारियों को तत्काल आदेश दिया कि किसी भी यात्री ट्रेन को विलंब नहीं करना है, इसको समय पर चलाने है. दूसरा आदेश जो उन्होंने दिया कि जमशेदपुर में एक कमर्शियल पीआरआई (पब्लिक रिलेशन इंस्पेक्टर) नियुक्त किया जाये जो हो रहे सुधारों को जनता तक नियमित पहुंचाए और समय समय पर जनता से संवाद करे. उन्होंने कुछ ट्रेनों की सूची भी मांगी जिसे वहां उपस्थित रेल यात्री संघर्ष समिति के लोगों ने तुरंत उपलब्ध करा दिया.







