जमशेदपुर : महिलाओं को सशक्त करने हेतु मारवाड़ी महिला मंच की जमशेदपुर शाखा द्वारा बिष्टुपुर तुलसी भवन में आगामी 16 से 18 जुलाई तक तीन दिवसीय राखी मेला (प्रदर्शनी सह बिक्री) का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं. मेला प्रति दिन सुबह 10 बजे से रात 09 बजे तक चलेगा. रविवार, 16 जुलाई की सुबह 11:30 बजे मेले का उद्घाटन होगा. (नीचे भी पढ़ें)

संस्था की अध्यक्ष बीना अग्रवाल एवं सचिव सीमा अग्रवाल ने शुक्रवार को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि हर साल की तरह इस साल भी मेले में जमशेदपुर सहित चाईबासा, रांची, कोलकाता, मुंबई आदि शहरों की महिलाएं स्टॉल लगाने के लिए अपने उत्पाद लेकर आ रही हैं. बताते चलें कि महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विगत 30 वर्षों से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है. इस मेले में एक ही स्थान पर राखी, गिफ्ट आइटम, बेडशीट, लड्डू गोपाल की पोशाक, बंधनवार, साड़ी, कुर्ती और गृह सज्जा के सामानों का भरपूर कलेक्शन उपलब्ध रहेगा. इसके अलावा गृह उपयोगी वस्तुओं में हाथ से बने अचार, पापड़, मुंगौड़ी, खजला उचित मूल्य पर मिलेंगें. संस्था की सभी सदस्य मेले को सफलता पूर्वक संपन्न कराने की तैयारियों में लगी हुई हैं.



