चक्रधरपुर: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा रेलवे यार्ड में बुधवार सुबह हाथी ने महिला रेलकर्मी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत मौके पर ही हो गयी. मृतका की पहचान 56 वर्षीय मरियम लड़का के रूप में हुई है. इस घटना के बाद रेलवे क्षेत्र और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि रेलकर्मी मरियम लड़का बुधवार सुबह करीब चार बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए बंडामुंडा रेलवे स्टेशन जा रही थीं.इसी दौरान रेलवे यार्ड में अचानक उनका सामना एक हाथी से हो गया.(नीचे भी पढ़े)
इससे पहले कि वह संभल पातीं, हाथी ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें पैरों से कुचल दिया. हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.सुबह-सुबह रेलवे यार्ड में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. वन विभाग के कर्मी मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं.












