जमशेदपुर: जमशेदपुर रांची-टाटा के एनएच -33 के चौका थाना क्षेत्र के चावलीबासा में शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला की पहचान मुसरीबेड़ा गांव निवासी ठाकुरमणि महतो (62) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, ठाकुरमणि महतो पैदल अपनी बेटी के घर रुगड़ी गांव जा रही थीं. इसी दौरान पंजाबी होटल के समीप सड़क पार करते समय एक हाफ डाला (407) ट्रक की चपेट में आ गईं, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं. हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी है. घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल 407 ट्रक को जब्त कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं समाजसेवी आकाश महतो ने घायल महिला को पहले चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल उनका इलाज जारी है. इधर, परिजनों का आरोप है कि तेज रफ्तार ट्रक गलत दिशा से आया और महिला को टक्कर मार दी, जिसके कारण यह हादसा हुआ. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




