जमशेदपुर : कदमा मेन रोड स्थित श्री श्री रंकिणी मंदिर में शिवलिंग सहित शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा का सातवां वार्षिकोत्सव मनाया गया. इसमें वाराणसी से आये पंडित सुजीत कुमार शास्त्री के नेतृत्व में रंकिणी मंदिर के अन्य पंडितों की टीम ने सुबह 9 बजे से पूरे विधि विधान के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया एवं पूजा-अर्चना की. इसके पश्चात् हवन, आरती सम्पन्न हुई. पूजा के पश्चात् भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

उक्त जानकारी देते हुए श्री श्री रंकिणी मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा के लिए सात वर्ष पूर्व भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया था. उन्होंने कहा कि रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की. ज्ञात रहे कि कदमा स्थित रंकिणी मंदिर कदमा का सबसे पुराना मंदिर है और इस मंदिर के प्रति जमशेदपुर एवं आस-पास के श्रद्धालुओं में काफी आस्था है. बहुत दूर-दूर से श्रद्धालु इस मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं.



