जमशेदपुर : रेड क्रॉस सोसाइटी की पूर्वी सिंहभूम शाखा की ओर से प्रत्येक माह चलाये जाने वाले प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को टीबी मरीजों को पोषण सहयोग वितरित किया गया. साकची रेड क्रॉस भवन में आयोजित कार्यक्रम में जहां समाजसेवी एवं रेड क्रॉस के ब्लड डोनेशन प्रभारी अरुण बांकरेवाल, समाजसेविका एवं निक्षय मित्र पूर्वी घोष ने 100 टीबी मरीजों के बीच पोषण सहयोग के रूप में एक एक महीने का पौष्टिक राशन एवं विटामिन की गोलियां प्रदान की. (नीचे भी पढ़ें)
रेड क्रॉस सोसायटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम झारखंड की प्रथम नोडल एजेंसी के रूप में प्रधानमंत्री टी.बी. फ्री इंडिया के लिए झारखंड में काम करते हुए अपना 12 माह पूरा कर लगातार टी.बी. मरीजों को पोषण सहयोग प्रदान करने में सक्षम हुई और यह सब रेड क्रॉस परिवार के सदस्यों के कारण हुआ, जिन्होने निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को यह सहयोग प्रदान किया. निक्षय मित्र के रूप में केके बिल्डर्स, हिमालया स्टील मिल्स, एएसएल. मोटर्स, छगनलाल दयाल जी सन्स, आशिफ महमूद, महेश अग्रवाल-नीता अग्रवाल, मारवाड़ी महिला मंच, जमशेदपुर, बिहार स्टील एजेंसी, पूर्वी घोष अपनी भूमिका निभा रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान जिला टीबी नियंत्रण विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.



