जमशेदपुर : यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) के सामाजिक उत्तरदायित्व अभियान से शनिवार को बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी का 824वां नेत्र शिविर आरंभ हुआ. द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से हो रहे इस आयोजन में रविवार को नेत्र रोगियों की जांच के साथ शिविर का शुभारंभ हुआ. जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम ने 54 नेत्र रोगियों की आंखों की जांच की, जिसमें से 36 नेत्र रोगियों को मोतियाबिन्द ग्रस्त पाया गया. अन्य मरीजों को जरूरत के अनुसार दवा व चश्मा प्रदान कर विदा किया गया. चयनित मरीजों की स्वास्थ्य-जांच कर उपयुक्त मरीजों का रविवार, 30 अगस्त को ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण डॉ बीपी सिंह, डॉ भारती शर्मा, डॉ पूनम सिंह, डॉ विवेक केडिया एवं उनकी सहयोगी चिकित्सीय टीम राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के ऑपरेशन थियेटर में करेगी. आज जांच सत्र के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के साथ राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, रेड क्रॉस के सक्रिय कार्यकर्ता राकेश मिश्र, अशोक घोषाल, प्रकाशभानु महतो, राधेश्याम कुमार, आशीष सिंह एवं श्याम कुमार मुख्य रूप से शामिल थे. (नीचे भी पढ़ें)
सेंट मेरीज स्कूल में 30 अगस्त को रक्तदान शिविर
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से संचालित रक्तदान अभियान की कड़ी में लगातार रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिस कड़ी में 30 अगस्त को सेंट मेरीज एल्युम्नाइ ट्रस्ट बिष्टुपुर के संयोजन में स्कूल के सीनियर ब्लॉक स्थित ऑडिटोरियम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. रक्तदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर रक्तदान करने का आग्रह किया गया है.




