बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की मानुषमुड़िया पंचायत के सोनाकड़ा गांव में आयोजित श्रीश्री मदन मोहन पूजा उत्सव के अवसर पर मंगलवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत पारंपरिक झुमूर नृत्य-संगीत की भव्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी. इस कार्यक्रम में पुरुलिया जिले के सुप्रसिद्ध झुमूर कलाकार कनिका कर्मकार एवं राजा मुखर्जी अपनी प्रस्तुति देंगे. पूजा आयोजन समिति के संरक्षक चिन्मय नायक ने बताया कि आज संध्या 8 बजे से झूमर नृत्य-संगीत कार्यक्रम प्रारंभ होगा. उन्होंने कहा कि झुमूर प्रस्तुति इस क्षेत्र की पारंपरिक लोक-संस्कृति का अहम हिस्सा है, जिसे संरक्षित करना आयोजन समिति का मुख्य उद्देश्य है. (नीचे भी पढे़ं)
साथ ही इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी लोक-परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने आगे बताया कि कार्यक्रम को लेकर मंच, ध्वनि व्यवस्था एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. पूजा उत्सव और सांस्कृतिक संध्या को लेकर सोनाकड़ा सहित आसपास के गांवों में उत्सव का माहौल है. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शक कार्यक्रम में शामिल होंगे.








