
बहरागोड़ा : प्रखंड के बड़शोल थाना क्षेत्र अंतर्गत सालदोहा गांव के पास चाकुलिया-माटिहाना मुख्य सड़क पर पिकअप वैन और बाइक में सीधी टक्कर होने से घटनास्थल पर एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना सीएचसी को दी. सूचना पाकर 108 एंबुलेंस घटनास्थल पहुंची और मृत व घायल युवकों को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर सुराई मंडी ने एक युवक रमाकांत दीगार (19) को मृत घोषित कर दिया. वहीं दो युवकों का प्राथमिक उपचार किया. दोनों युवकों के सिर और पैर में चोट होने के कारण बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर कर दिया है. जानकारी के मुताबिक तीनों युवक बड़शोल थाना क्षेत्र बेनाशोली गांव अपने जीजा भवानी सरदार के घर करमा पूजा में बीते गुरुवार को गये थे. तीनों युवक मानुषमुड़िया घूमने के लिए जा रहे थे. दो युवक धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र महुलीशोल गांव के बताये जाते हैं. गोविंद दीगार (20) तथा बहरागोड़ा प्रखंड के मालबांधी गांव निवासी चंद्रशेखर काशी (20) के पैर और सिर में चोट आयी है.













