जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना लेक में रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब पानी में एक अज्ञात महिला का शव तैरता दिखा. यह घटना स्थल बोड़ाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. स्थानीय लोगों ने शव होने की सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर पहुंची बोड़ाम पुलिस ने स्थिति का जायजा लेने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाल कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया. घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. (नीचे भी पढ़ें)
प्राथमिक जांच में महिला की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही, आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है ताकि गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा सके. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी आपराधिक घटना का परिणाम है.पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. वहीं, इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.




